सांबा। बीती शाम आए तूफान से जहां कई क्षेत्रों में अभी भी बिजली गुल है, वहीं बिजली विभाग को भी लाखों को नुकसान हुआ है।
जिले के पहाड़ी व सीमावर्ती क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से ठप होकर रह गई। इससे जहां गर्मी में लोगों को परेशानी हुई, वहीं बिजली ठप रहने से पानी की भी किल्लत बनी रही। काॅरड़ की पूर्व सरपंच क्रांति किरण, सीमावर्ती गांवों के बलवीर चंद और मनोहर लाल के अनुसार बिजली के ठप होने पर पानी की आपूर्ति भी प्रभावित रही। उधर बिजली विभाग सांबा के कार्यकारी अभियंता जावेद हुसैन ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मी बिजली आपूर्ति को सुचारु करने में जुटे हुए हैं। सुंब क्षेत्र के लिए 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया है। कुछ समय उसे चार्ज करने में लगेगा। उसके बाद चालू कर दिया जाएगा। गत शाम आए तूफान से विभाग के 120 खंभे टूट चुके हैं और चार ट्रांसफार्मर गिरे हैं। अभी पहाड़ी क्षेत्रों में नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। कुल मिलाकर विभाग को 60 लाख के करीब नुकसान हो चुका है।