जम्मू। नेशनल हाइवे पर पुलिस ने पशु तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तीन जगहों पर पशु तस्करी के प्रयास विफल करते हुए 11 तस्करों को दबोच लिया गया और 84 मवेशियों को चंगुल से छुड़ाया गया। जगती, मनवाल और झज्जर कोटली में यह कार्रवाई की गई है। जगती के पास पुलिस ने बुधवार देर रात को कुछ लोगों को पशुओं को ले जाते हुए देखा। जब उन्हें पूछताछ के लिए रोका और पशुओं को ले जाने की अनुमति वाला दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। पुलिस ने मौके पर ही 30 पशुओं को बरामद कर लिया। झज्जर कोटली पुलिस ने सुकेतर के पास नाका लगाकर एक पंजाब नंबर के ट्रक को रोका गया। इस ट्रक से 19 मवेशी बरामद किए गए। पुलिस ने ट्रक के चालक शमशेर सिंह निवासी रसूलपुर काला अमृतसर को पकड़ लिया। मनवाल में पुलिस ने 10 लोगों को पकड़ा। जिनके चंगुल से 35 मवेशियों को छुड़ाया गया। आरोपियों में बाबर, मोहम्मद जुनैद, मंजूर, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद अकरम, नजाम दीदन, मोहम्मद सदीक, परवेज अहमद, तारिक और मोहम्मद बशीर शामिल हें। तीनों मामलों में केस दर्ज किया गया है।