संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। तीन दिवसीय राजिंदर मगोत्रा मेमोरियल बास्केटबाल टूर्नामेंट 30 सितंबर से खेला जाएगा। राजिंदर मगोत्रा स्पोर्ट्स वेलफेयर क्लब की ओर से करवाए जा रहे टूर्नामेंट में 16 टीमों के 192 खिलाड़ी ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगे। प्रतियोगिता का फाइनल दो अक्टूबर को होगा। मिनी स्टेडियम परेड ग्राउंड में 29 मुकाबले खेले जाएंगे। क्लब के सदस्य विनीत मगोत्रा ने बताया कि चार पूल बनाए गए हैं, जिनमें चार-चार टीमें शामिल हैं। टूर्नामेंट लीग कम नॉकआउट आधार पर खेला जाएगा। पूल ए में जेएंडके पुलिस, बीएसएफ जम्मू, एसएमवीडीयू और एसटीसी जम्मू की टीमें हैं। पूल बी में एसटीसी वाॅरियर्स, डीसी क्लब, कठुआ बक्स और बीएसएफ कश्मीर की टीम होगी। पूल सी में आरएमएसडब्ल्यूसी, द बैलेजर्स, एमएसपी ऑल स्टार्स और टोक्यो मांजी गैंग (डोगरा) की टीम होगी। पूल डी में बीबा बाॅयज, कटड़ा की टीम, डायरवुल्व्स और अंडर डॉग्स की टीम को रखा गया है। पहला सेमीफाइनल पूल ए और पूल सी की विजेता टीमों के बीच खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल पूल बी और पूल डी की विजेता टीमों के बीच होगा। सुबह और शाम दो शिफ्ट में मुकाबले खेले जाएंगे।