- सीके नायडू ट्रॉफी: जेएंडके की पहली पारी 125 रनों पर सिमटी
-बड़ौदा ने तीसरे दिन की समाप्ति पर बनाए छह विकेट पर 130 रन
जेएंडके के मुजतबा ने लिए पांच विकेट
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में जारी सीके नायडू ट्रॉफी में मेजबान जम्मू-कश्मीर के खिलाफ बड़ौदा ने तीसरे दिन मंगलवार को 249 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली है। तीसरे दिन की समाप्ति तक बड़ौदा ने अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 130 रन बनाए और मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। इससे पहले बड़ौदा ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 197 रन से आगे शुरू की और तीसरे दिन 47 रन जोड़कर टीम ऑल आउट हो गई। बड़ौदा ने अपनी पहली पारी में 86.2 ओवर में 244 रन बनाए। जेएंडके के लिए वंशज शर्मा ने पांच विकेट लिए, जबकि विशाल कुमार को तीन और बासित बशीर को दो विकेट मिले।
जेएंडके की पहली पारी की शुरूआत अच्छी नहीं रही और 13 रन के अंदर टीम ने आर्या ठाकुर (4), कप्तान शिवांश शर्मा (0) और काजी जुनैद मसूद (9) के विकेट गंवाए। यावर हसन के 57 रन, कवल प्रीत सिंह के 22 रन और वंशज शर्मा के 16 रनों की बदौलत जेएंडके 47.3 ओवर में 125 रन बनाने में कामयाब रही। बड़ौदा के लिए अंश पटेल ने किफायती गेंदबाजी की और 4.3 ओवर में मात्र 13 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए। वहीं, लक्षित, आशुतोष दास और उत्सवराज ने दो-दो विकेट लिए जबकि कप्तान परिक्षित पाटीदार को एक विकेट मिला। इस तरह बड़ौदा ने पहली पारी के आधार पर 119 रनों की विशाल बढ़त हासिल की।
इसके बाद बड़ौदा ने अपनी दूसरी पारी की शुरूआत की। दूसरी पारी में बड़ौदा के लिए भविष्य भवेश ने 73 गेंदों में 8 चौकों और चार छक्कों की मदद से 80 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में जादव राजवीर सिंह ने 10, तस्मय बेड़ाड़े ने 10 रन बनाए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक विकेटकीपर ध्रुव पटेल 10 और अंश पटेल एक रन बनाकर नाबाद हैं। जेएंडके के मुजतबा युसुफ ने दूसरी पारी में बड़ौदा के पांच विकेट चटकाए, जबकि वंशज शर्मा को एक विकेट मिला।