- अगले 20 दिन में फीस जमा कराने को कहा, उम्मीदवारों ने भी कमर कसी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जम्मू के चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। बार एसोसिएशन की ओर से एक नोटिस जारी कर बार सदस्यों से अपनी लंबित फीस जमा कराने को कहा गया है।
एसोसिएशन के महासचिव परवेश सिंह की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि अगले 20 दिनों के भीतर फीस जमा कराएं ताकि चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाए। बता दें कि मौजूदा बार का कार्यकाल पूरा हुए कई महीने हो चुके हैं। वहीं चुनाव की सुगबुगाहट के बीच चुनाव लड़ने वालों ने भी कमर कस ली है। उम्मीदवारों ने तैयारी कर ली है। वह अपने-अपने स्तर पर सदस्यों से संपर्क साध रहे हैं।
कई वरिष्ठ वकील अपने-अपने स्तर पर सोशल मीडिया पर अपने जानकारों से संपर्क कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई उम्मीदवारों के नाम भी चल रहे हैं कि यह बार के लिए किस पद के लिए चुनाव लड़ेंगे। सदस्यों ने अपने पसंद के उम्मीदवारों का प्रचार करना भी शुरू कर दिया है। पिछले चुनाव में विक्रम शर्मा बार के अध्यक्ष बने थे। संभव है कि अगले दो से तीन महीनों के बीच चुनाव कराया जाए। यह चुनाव फरवरी में होना था लेकिन किन्हीं कारणों से नहीं हो सका।