बाड़ी ब्राह्मणा। बैक टू विलेज का चौथा दौर शुक्रवार को शुरू हो गया है। इस दौरान पल्ली पंचायत में हुए कार्यक्रम में पहुंचे अफसरों को पंचायत के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। चौथे दौर में लोगों ने ज्यादा उत्सुकता नहीं दिखाई। काफी कम संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। हालांकि शुक्रवार को हर पंचायत में एक विजिटिंग ऑफिसर लोगों से रूबरू होने पहुंचे।
बैक टू विलेज-4 कार्यक्रम में पंचायत पल्ली में विजिटिंग ऑफिसर के तौर पर वित्त विभाग से अपर्णा शर्मा मौजूद रहीं। कार्यक्रम में एसीडी सिद्धार्थ धीमान ने विभिन्न विभाग के कर्मचारियों को कहा कि चौथे दौर में सरकार की तरफ से 225 स्कीमों को लोगों तक पहुंचाना लक्ष्य है। इसके लिए पंचायत के नुमाइंदे और हर विभाग के कर्मचारी को यह बीड़ा उठाना है। उन्होंने बताया कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा इन स्कीमों के प्रति जागरूक करना है। ताकि लोग इनका फायदा ले सकें। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में कॉमन सर्विस सेंटर हर व्यक्ति के लिए जरूरी हो जाएगा। क्योंकि 80 फीसदी ऑनलाइन काम यहीं से हुआ करेंगे। उन्होंने बताया कि इस चौथे दौर का मकसद लोगों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करना है। ताकि लोग इन योजनाओं को समझ सके और इन्हें चलाने में पूरी तरह सक्षम हो जाएं।
एसीडी द्वारा 225 योजनाओं को संबंधित विभाग के अधिकारी से पूछा जा रहा था और सब उस पर अपना जवाब तलब कर रहे थे। सबसे मुख्य भूमिका बैंक की थी, जिसके अंतर्गत बहुत सी योजनाएं आती हैं, और कार्यक्रम में बैंक का कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं रहा। इसके कारण कार्यक्रम को रोकना पड़ा। उसके बाद बैंक के अधिकारी को बुलाया गया। कहा गया कि लोगों को हर स्कीम के बारे में बताएं। ताकि वे उनका फायदा ले सकें। पंचायत पल्ली में हुए कार्यक्रम में वन विभाग का भी कोई अधिकारी मौजूद नहीं था, जिसके अंतर्गत वन विभाग से संबंधित योजना पर बात नहीं हो सकी।
विजिटिंग ऑफिसर अपर्णा शर्मा ने पंचायत घर में ही पंचायत के नुमाइंदों और संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने पंचायत स्तर पर दी जा रही सहूलियत के बारे में बातचीत की। हर एक काउंटर के बारे में जानकारी ली और पूछा कि किस तरह से पंचायत में काम हो रहे हैं। पंचायत में जो भी काम हुए हैं उनका निरीक्षण भी किया गया। उसके बाद उन्होंने अमृत सरोवर और स्कूल का दौरा किया।
मीन सरकार में विजिटिंग ऑफिसर को तीखे सवालों का करना पड़ा सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
बाड़ी ब्राह्मणा। पंचायत मीन सरकार में बैक टू विलेज-4 कार्यक्रम में विजिटिंग ऑफिसर असिस्टेंट कंट्रोलर मेट्रोलॉजी वसीम खतीब ने रहेे। सरपंच भारत भूषण ने पंचायत के नुमाइंदों और अलग-अलग विभाग के अधिकारियों से उनको रूबरू कराया। कार्यक्रम को लेकर मुख्य अतिथि ने विस्तार से समझाया। उसके उपरांत सरपंच की अगुवाई में आए हुए विजिटिंग ऑफिसर के समक्ष बड़े ही तीखे सवाल रखे गए।
उन्होंने कहा कि इससे पहले बैक टू विलेज-तीन में भी लोगों के हाथ मायूसी ही लगी है। जो भी वादे किए गए उनको पूरा नहीं किया गया है। बैक टू विलेज जब शुरू किया गया तो लोगों में काफी उत्साह था कि अब प्रशासन के अधिकारी उनकी समस्याओं का निवारण करेंगे, लेकिन उनके सपने अधूरे ही रह गए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बैक टू विलेज में पैसा लगाकर अफसरों को पंचायत स्तर पर भेजा जा रहा है, जो फिजूलखर्ची है। इतना पैसा विकास कार्यों में लगाना चाहिए। कहने को तो 225 योजनाओं का लाभ लोगों को लेने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन यह औपचारिकता होती है। उन्होंने बताया कि बैंक में औपचारिकताओं का बोझ लोगों के कंधे पर डाल दिया जाता है। जो पूरा ही नहीं होता है। इस तत्काल बंद कर देना चाहिए। जमीनी स्तर पर इसका कोई भी फायदा लोगों को नहीं मिलता है।
अधिकारियों ने बताया कि इस बार जनता के बीच आकर सीधा संवाद उनके साथ किया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाएगी। जो भी पहले कार्यक्रमों में वादे किए गए, किस वजह से पूरे नहीं हुए हैं, उनको भी प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा। शनिवार को ग्राम सभा के दौरान सारी बातों पर ध्यान दिया जाएगा और उनकी समस्याओं का निवारण भी किया जाएगा।
पंचायत अपर कार्थोली में पहुंचे चीफ हॉर्टिकल्चर ऑफिसर
संवाद न्यूज एजेंसी
बाड़ी ब्राह्मणा। बैक टू विलेज-4 कार्यक्रम का आयोजन पंचायत अपर कार्थोली में बड़े उत्साह से किया गया। यहां चीफ हॉर्टिकल्चर ऑफिसर मुकेश कुमार विजिटिंग ऑफिसर रहे। कार्यक्रम शुरू होते ही सरपंच तरसेम सिंह चाढ़क ने उनका परिचय कराया। विजिटिंग ऑफिसर द्वारा लोगों को बैक टू विलेज-4 के बारे में बताया गया। सरकार की 225 योजनाओं को किस तरह से लोगों के घर-घर पहुंचाना है।
हर विभाग के कर्मचारी को स्कीम के बारे में जागरूक करने के लिए बताया गया। उन्होंने बताया कि 225 योजनाओं को हर विभाग के अंतर्गत जोड़ा गया है। हर विभाग के कर्मचारी को उसको तरीके से लोगों तक पहुंचाने के लिए तत्पर रहना होगा। उन्होंने बताया कि बैंक से संबंधित जितनी भी योजना है, उसके बारे में लोगों को जागरूक किया जाए। पंचायत स्तर पर खेलकूद को बढ़ावा दिया जाए, जिसके लिए हर पंचायत में सिंगिंग एक्टिंग और डांसिंग के लिए युवाओं को और स्कूल के बच्चों को प्रेरित किया जाए। हर पंचायत से नुमाइंदे 5 बच्चों के नाम दर्ज कराएंगे, जिन्हें इस क्षेत्र में बढ़ावा दिया जाएगा। आने वाले समय में उन्हें स्किल डेवलपमेंट के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गोल्डन कार्ड का हर कोई नागरिक फायदा लेने से न चूके।
सरपंच तरसेम सिंह के साथ आए विजिटिंग ऑफिसर ने प्राइमरी स्कूल और हाई स्कूल का दौरा किया। बच्चों से रूबरू हुए और खेल प्रतियोगिता भी कराई गई।
विजयपुर में उपायुक्त रहीं बैक टू विलेज-4 की मुख्य अतिथि
विजयपुर। कस्बे में बैक टू विलेज-4 के तहत शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपायुक्त अनुराधा गुप्ता मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया और क्षेत्र की परेशानियों की जानकारी दी।
लोगों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली और पानी की सुविधा कम मिलने के कारण कई प्रकार की दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे रोड की भी खस्ताहालत है। इस पर तारकोल डाला जाए। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि आप लोगों की परेशानियों को जल्द हल कर दिया जाएगा। बैक टू विलेज-4 कार्यक्रम इसलिए चलाया जा रहा है ताकि अधिकारी खुद दरबार में पहुंचे और लोगों की परेशानी को सुनें और हल करें। इस मौके पर एसडीएम विनय शर्मा आदि मौजूद थे। संवाद
जन प्रतिनिधियों ने चौथे चरण का किया बहिष्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बाड़ी ब्राह्मणा। बाड़ी ब्राह्मणा की पंचायत बाड़ी के जनप्रतिनिधियों और लोगों ने बैक टू विलेज-4 का बहिष्कार किया। सरपंच मोहम्मद सलीम ने प्रेसवार्ता में बताया कि वह इस बार भाग नहीं लेंगे। उन्होंने बताया कि पंचायत में पानी की समस्या काफी समय से चल रही है। जल शक्ति विभाग, प्रशासन और ऐसा कोई दफ्तर नहीं जिनके पास समस्या को लेकर गुहार नहीं लगाई। उन्होंने कहा कि पंचायत के निवासी पूछते हैं कि पानी की समस्या क्यों नहीं हल हो रही है। वह उसके बारे में भी कुछ नहीं कह पाते हैं। उन्होंने कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें भटकना पड़ रहा है। तो बाकी कार्यों की क्या उम्मीद रख सकते हैं।
शुक्रवार को कार्यक्रम शुरू हुआ, लेकिन उसमें जनप्रतिनिधि शामिल नहीं हुए। उसके अलावा पंचायत की महिलाओं ने पानी के लिए प्रदर्शन शुरू कर दिया। बहिष्कार की सूचना मिलने पर उपायुक्त अनुराधा गुप्ता मौकेपर पहुंचीं। उन्होंने बातचीत कर आश्वासन दिया आपकी पानी की समस्या का तत्काल ही समाधान कर दिया जाएगा। इसके बाद भी पंचायत प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग नहीं लिया।
सरपंच मोहम्मद सलीम ने कहा कि पानी की समस्या को लेकर कार्यक्रम का बहिष्कार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पंचायत के प्रतिनिधियों से बातचीत करने के बाद फैसला लिया कि वह कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे। शनिवार को प्रेसवार्ता करेंगे, उसमें कुछ और भी खुलासे किए जाएंगे।
पंचायत की समस्या अधिकारियों को बताएं
रामगढ़। ब्लाक रामगढ़ में शुक्रवार को बैक टू विलेज-4 को लेकर बीडीओ दिक्शा रैना ने ब्लाक कर्मचारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। रामगढ़ ब्लाक में तीस और पहली को बैक टू विलेज-4 की शुरुआत की जा रही है। इस मौके पर रामगढ़ क्षेत्र की अठारह पंचायतों के प्रतिनिधि को बीडीओ दिक्शा रैना ने बताया कि कार्यक्रम में हिस्सा लें और अपनी पंचायत की समस्या अधिकारियों को बताएं। इस मौके पर बीडीओ ने कहा कि रामगढ़ ब्लॉक की ज्यादातर पंचायतें सीमावर्ती क्षेत्र में है। हमारी यही कोशिश रहेगी कि सीमावर्ती क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा विकास हो। संवाद
पंचायत में कोई काम नहीं हुआ : अनिता शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
विजयपुर। पंचायत गुड़वाल-ए के पंचायत सदस्य व नागरिकों ने बैक टू विलेज-4 कार्यक्रम में भाग नहीं लिया। सरपंच अनिता शर्मा ने पंचों व स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर कार्यक्रम का बहिष्कार किया। लोगों का कहना है कि अभी तक पंचायत में कोई काम नहीं हुआ।
जैसे तालाब के साथ लगते नाले में से आने वाला पानी सीधे तालाब में आने से बीमारियों का पनपना, पानी की बदबू से लोगों को परेशानी होना, पंचायत घर के इर्दगिर्द अतिक्रमण से लोगों में रोष होना, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भेजे गए लाभार्थियों के केस नजरअंदाज करना और लाभार्थियों को उसका लाभ न मिलना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत कई लाभार्थियों को लाभ न मिलना और बहुत सारे मुद्दे थे। इसमें लोगों की राय भी ली गई। लोगों का कहना है पिछले तीन कार्यक्रम की क्या रिपोर्ट है। पंचायत में बहुत सारे काम होते हैं, जिसमें सरपंच और पंचों को नजरअंदाज किया जाता है। सभी लोगों व पंचों की राय को मद्देनजर रखते हुए सरपंच ने कहा कि सरपंच हमेशा अपनी पंचायत की भलाई देखते हुए बिना भेदभाव के काम करता है। सरपंच का मुख्य कर्तव्य भी यही बनता है कि वो अपनी पंचायत के पंचों व अवाम की राय के साथ चले।
मेरा मानना है कि जब तक पिछले कार्य पूरे नहीं होते और सांबा जिला प्रशासन उनको पूरा नहीं करता है हम बैक टू विलेज में भाग नहीं लेंगे।
उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने कहा कि इन लोगों की जो भी परेशानी है जल्द ही हल कर दी जाएगी। क्योंकि बैक टू विलेज का कार्यक्रम यही है कि लोगों की समस्या जल्द से जल्द हल की जाए। ताकि जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने पीआरआई सदस्यों और लोगों से की बातचीत
34 अधिकारियों के साथ बाड़ी ब्राह्मणा, विजयपुर और पुरमंडल में पंचायतों का किया दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। महत्वाकांक्षी बैक टू विलेज कार्यक्रम के तहत दो दिन और एक रात के लिए पंचायतों में प्रतिनियुक्त अधिकारियों का शुक्रवार को जिले के लोगों ने स्वागत किया। छह दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन 34 वरिष्ठ अधिकारियों ने बाड़ी ब्राह्मणा, विजयपुर और पुरमंडल में पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने सालमेरी, बारी, विजयपुर, पट्टी और राज खोलपुर की पंचायतों का दौरा किया। अधिकारियों की उपस्थिति में पीआरआई सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ बातचीत की।
उपायुक्त ने बताया कि बी2वी4 एक क्रिया उन्मुख और मापने योग्य (परिणाम) कार्यक्रम प्रदान करता है। इसमें सभी विभाग समय सीमा के भीतर डिलिवरेबल्स को संतृप्त करेंगे। उपायुक्त को बताया कि जिले के प्रत्येक पंचायतघर में दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों को सहायता प्रदान करने, आय प्रमाणपत्र, आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड, भूमि पासबुक आदि प्रमाणपत्रों के वितरण के लिए विशेष शिविर आयोजित किए गए। बी2वी-4 कार्यक्रम के पहले दिन अतिथि अधिकारियों ने गांव की आबादी तक पहुंचने और नशामुक्त भारत, स्वच्छ ग्राम जैसी विभिन्न पहलों को बढ़ावा देने के लिए खेल गतिविधियों, प्रतिभा खोज कार्यक्रमों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, युवा जुड़ाव गतिविधियों, गांधी कथा और अन्य गतिविधियों में भाग लिया।
विजिटिंग अधिकारियों ने अमृत सरोवर सहित विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। 225 योजनाओं (ऑनलाइन) जैसे बीईएएमएस, जनभागीदारी, आपकी जमीन आपकी निगरानी, डिजिटल जम्मू-कश्मीर आदि के बारे में जागरूकता बढ़ाई। सरकार ने स्वरोजगार गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया है और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत नामांकित होने के लिए प्रति पंचायत 15 युवाओं की पहचान करने का निर्देश दिया है।
कार्यक्रम में सभी अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं, जिला अधिकारियों, सरपंचों, पंचों, स्थानीय लोगों सहित चयनित प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बाद में अतिथि अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, पूर्व सैनिकों, युवाओं से भी बातचीत की व उन्हें पेश आ रही परेशनियों की जानकारी ली।