पौनी। तहसील के माडी नाला में बुधवार को बैक टू विलेज के तीसरे चरण में आयोजित कार्यक्रम में सिर्फ चार विभागों के ही अधिकारियों के आने पर ग्रामीणों ने रोष जताया। बुधवार को माडी नाला में कार्यक्रम अधिकारी अमित शर्मा पहुंचे इसके साथ ही मौके पर सेरीकल्चर, सोशल फारेस्ट, इरीगेशन तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ही पहुंचे। सरपंच प्रकाश सिंह, पंच बाबू राम, नायाब सरपंच रमणी शर्मा, पंच मुकेश शर्मा ने कहा कि बैक टू विलेज कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभी विभागों को पहुंच कर लोगों की समस्याओं को सुनना है, लेकिन माडी नाला में हुए कार्यक्रम में अधिकांश विभागों के अधिकारियों ने पहुंचना जरूरी नहीं समझा। ग्रामीणों ने कहा कि वह इसकी शिकायत उपायुक्त इंदू कंवल चिब से करेंगे और नदारद अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग करेंगे। संवाद