रामगढ़ कॉलेज में वाॅल पेंटिंग से युवाओं ने छेड़ी जागरूकता मुहिम
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। सरकारी डिग्री कॉलेज (जीडीसी) रामगढ़ में नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत वाॅल पेंटिंग में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से सामाजिक सरोकार का प्रभावी संदेश दिया। तीन माह तक चलने वाले जागरूकता अभियान के तहत इस गतिविधि का उद्देश्य युवाओं और स्थानीय समुदाय को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करना है। विद्यार्थियों ने दीवारों पर आकर्षक चित्र उकेरते हुए नशा मुक्त समाज का संदेश दिया। शानू शर्मा, अनन्या देवी, मुस्कान कुमारी, शिवानी भगत और हेमा चौधरी सहित कई विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. नेहा भारती और डॉ. अंजना रैना ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को रचनात्मक रूप से सामाजिक मुद्दों से जोड़ने का प्रयास किया। गतिविधि का आयोजन एनएसएस यूनिट ‘प्रभा’ के सहयोग से किया गया।