अरनिया। अरनिया थाना के अंतर्गत आते गांव व्यासपुर और कल्याण के बीच मोटरसाइकिल सवार को तीन लुटेरों ने घेरकर हमला कर दिया। रात आठ बजे की घटना में घायल ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। वारदात के बाद दो लुटेरों तो भाग निकले, लेकिन तीसरा लुटेरा लोगों को चैलेंज करने लगा। इतने में पुलिस पहुंची तो लुटेरा भाग निकला। पुलिस ने करीब दो घंटे तक 10 किमी भागकर उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी खेतों में अंधेरे का फायदा उठाकर वह भाग निकला। घायल ने लुटेरे की पहचान कर ली और पुलिस को उसका घर बताया। पुलिस ने घर की तलाशी ली और बाहर खड़ी स्कूटी जब्त कर ली। वारदात इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया गया। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार विशाल कुंडल पुत्र रामलाल निवासी व्यासपुर परलाह फैक्ट्री से काम करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह व्यासपुर पीर बाबा के पास पहुंचा तो वहां पहले से खड़े तीन हमलावरों ने उसे घेर लिया और बाइक से गिरा दिया। तेजधार हथियार टोके से उस पर वार किए। विशाल के मुताबिक किसी तरह वह हमलावरों से जान बचाकर भाग निकला और गांव में पहुंचकर लोगों को सारी घटना बताई। इसके बाद गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो दो लुटेरे तो भाग निकले थे, लेकिन तीसरा लुटेरा 100 मीटर की दूरी पर खड़े होकर लोगों को चैलेंज करने लगा पड़ा। वह तेजधार हथियार हवा में लहराता रहा। इतने में पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस की गाड़ी को देखकर लुटेरा वहां से फरार हो गया। लुटेरे ने खेतों के बीच में जाकर मोटरसाइकिल खड़ा कर दिया। पुलिस के साथ गांव के लोग भी खेत में जा पहुंचे। हमलावर मोटरसाइकिल छोड़कर वहां से भाग निकला। पुलिस टीम और लोगों ने उसका पीछा किया। लुटेरा गालियां निकालता हुआ भाग रहा था।
लुटेरे ने पुलिस और ग्रामीणों का ध्यान भड़काने के लिए खेत में पराली के ढेर को आग लगा दी। पुलिस और गांव के लोग आग बुझाने लग पड़े। इतनी देर में वह वहां से फरार हो गया। उसके बाद कल्याण गांव में घुस गया। पुलिस ने चारों तरफ से घेरा डाला, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह भाग निकला।
आरोपी के घर की तलाशी में स्कूटी जब्त की
वारदात की सूचना मिलते ही एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हमलावर के घर की तलाशी ली पता चला कि वह गांव कल्याणा का रहने वाला लड्डू नाम का युवक है, जो अक्सर लोगों को डरा धमका कर पैसे लूटता है। एसडीपीओ की देखरेख में उसके घर की तलाशी ली गई, लेकिन वहां पर कोई भी नहीं था। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की है। एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना द्वारा घायल युवक विशाल कुंडल के बयान लिए गए हैं। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, शाम के वक्त रास्ता रोक कर तेजधार हथियार से हमला करने से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों द्वारा एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना को हमलावरों को जल्द पकड़ने की मांग की है। उन पर सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है।