पुरमंडल। उत्तरवाहिनी स्थित ऐतिहासिक धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एटीएम लगाने की मांग की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पवित्र स्थल पर देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन व पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। एटीएम की सुविधा न होने से उन्हें पैसों से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी विक्की कुमार, पंडित चरण दास, पंडित सुभाष चंद्र, सावन सिंह, सेवा राम सहित अन्य लोगों ने बताया कि मंदिर में पूजा, दान-दक्षिणा और अन्य धार्मिक कार्यों के लिए नकदी की आवश्यकता होती है। कई श्रद्धालु यह सोचकर यहां पहुंचते हैं कि उत्तरवाहिनी जैसा प्रसिद्ध धार्मिक स्थल होने के कारण यहां सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी लेकिन एटीएम न होने की जानकारी मिलने पर उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने बताया कि उत्तरवाहिनी में जम्मू-कश्मीर बैंक की एक अल्ट्रा स्मॉल ब्रांच मौजूद है जहां से केवल 20 हजार रुपये तक की ही निकासी की सुविधा है। ऐसे में अन्य बैंकों के खाताधारकों और बैंक समय के बाद आने वाले श्रद्धालुओं को नकदी की आवश्यकता होने पर कठिनाई का सामना करना पड़ता है। संवाद