संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। प्रदेश भर के नौ हजार सरकारी व निजी स्कूलों के तीसरी, छठी और 9वीं कक्षा के करीब दो लाख छात्र शुक्रवार को असाइनमेंट टेस्ट देंगे। यह टेस्ट जम्मू-कश्मीर में पहली बार करवाया जा रहा है। इसके माध्यम से छात्रों में गणित और भाषा के ज्ञान का मूल्यांकन किया जाएगा। परीक्षा में टेस्ट बुकलेट और चार प्रकार की ओएमआर शीट दी जाएंगी। कक्षा तीन के छात्रों को भाषा और गणित विषय के 60 प्रश्न पूछे जाएंगे। एक घंटे का समय दिया जाएगा। 6वीं कक्षा के छात्रों को 50 प्रश्न दिए जाएंगे और 75 मिनट समय दिया जाएगा। कक्षा 9वीं के छात्रों को 90 मिनट में 60 प्रश्नों का जवाब देना होगा। जानकारी के अनुसार राज्य शैक्षणिक उपलब्धि सर्वेक्षण के मद्देनजर 9474 स्कूलों के 211517 छात्रों को परीक्षा में शामिल किया जाएगा। इसको लेकर राज्य शैक्षणिक अनुसंधान परिषद ने क्षेत्र अन्वेषक और ब्लॉक स्तर पर पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया है। इसमें से 4634 स्कूल कश्मीर और 4840 स्कूल जम्मू संभाग के हैं।