जम्मू। स्थानीय रेजिडेंसी रोड पर यातायात कर्मी से मारपीट का मामला सामने आया है। हालांकि मारपीट करने वाले युवकों का कहना है कि उन्होंने कोई मारपीट नहीं की है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सिटी पुलिस थाने में कर्मी से मारपीट का केस भी दर्ज किया गया है। दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
यातायात कर्मचारी मोहम्मद दीन का कहना है कि उसने चार से पांच बाइक सवार युवकों को रोका। इन्होंने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। इनके पीछे एक कार भी थी। जब इन्हें रोका तो युवक मारपीट पर उतर आए। यहां तक कि उसकी कमीज के बटन भी तोड़ दिए। हालांकि एक वीडियो यह भी वायरल हो रहा है जिसमें कर्मी अपनी कमीज के बटन खुद तोड़ रहा है। जम्मू के एसएसपी फैजल कुरेशी का कहना है कि यदि कोई नियम तोड़ेगा तो यातायात कर्मियों को कार्रवाई करनी ही है। रही बात उसके खुद ही बटन तोड़ने की तो व्यस्त चौक पर ऐसा करना संभव नहीं है। -ब्यूरो