संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। चीन के हांगझोऊ में जारी एशियाई पैरा खेलों में वीरवार का दिन स्वर्णिम रहा। जम्मू-कश्मीर के पैरा तीरंदाज शीतल देवी और राकेश कुमार की टीम ने कंपाउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश के साथ जम्मू-कश्मीर को गौरवान्वित किया है। दोनों ने फाइनल में चीन के खिलाड़ियों लिन यूशान और ऐ शिनलियांग को 151-149 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
बुधवार को दो रजत और एक कांस्य पदक जीतने के बाद भारतीय तीरंदाजी दल आखिरकार स्वर्ण जीतने में कामयाब रहा। शीतल और राकेश ने दो-दो पदक जीते हैं। पैरा तीरंदाज राकेश कटड़ा के नताली गांव के रहने वाले हैं। वहीं, धनुर्धर शीतल किश्तवाड़ में रहती हैं। उनकी दोनों बाजू नहीं है। फिर भी हौसले के दम पर एक के बाद एक उपलब्धि अपने नाम कर रही हैं। दोनों श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के स्पोर्ट्स स्टेडियम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं।
माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ अंशुल गर्ग ने खिलाड़ियों की जीत पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि श्राइन बोर्ड के तीरंदाज शीतल और राकेश ने पैरा एशियन गेम्स हांगझोऊ में चीन के खिलाफ भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता।
-