राजभवन में तेलंगाना स्थापना दिवस मनाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। राजभवन श्रीनगर में वीरवार को एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ तेलंगाना स्थापना दिवस मनाया गया। इसमें कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने समृद्ध संस्कृति, संगीत, साहित्य, हस्तकला और प्रगतिशील भावना की गौरवशाली परंपरा वाली इस धन्य भूमि के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य व कल्याण के लिए प्रार्थना की। कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम के कुछ प्रेरक अध्याय तेलंगाना में लिखे गए थे।
उप राज्यपाल ने तेलंगाना के महान विचारों और आदर्शों के पुरुषों, महिलाओं की प्रशंसा की, जिन्होंने अपनी बुद्धि और बौद्धिक प्रतिभा से देश को रोशन किया। इस दौरान एनआईटी श्रीनगर के छात्रों और जम्मू कश्मीर सांस्कृतिक अकादमी के कलाकारों ने तेलंगाना के गीत और नृत्य से युक्त सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। उप राज्यपाल ने कहा कि महान राष्ट्र को प्रेरित करने के लिए महान क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों, साहित्यकारों और समाज सुधारकों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। तेलंगाना के किसानों, सैनिकों, वैज्ञानिकों, उद्यमियों, कवियों, कलाकारों ने राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दिया है। देशगोंड आदिवासी के मुखिया रामजी गोंड जैसे महाजन व्यक्तित्वों और स्वतंत्रता सेनानियों की बहादुरी के लिए हम हमेशा ऋणी रहेंगे। इस कार्यक्रम में छात्र, मूल रूप से तेलंगाना के प्रतिष्ठित व्यक्ति विशेष आमंत्रित थे।