सांबा। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सांबा पुलिस ने गटारू गैंग के कुख्यात अपराधी रोहित बलोरिया को जम्मू-कश्मीर पब्लिक सेफ्टी एक्ट (पीएसए) के तहत हिरासत में लेकर जेल में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार रोहित बलोरिया निवासी विजयपुर के खिलाफ थाना बिश्नाह, थाना रामगढ़ और थाना विजयपुर में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आपराधिक गतिविधियों में उसकी बार-बार संलिप्तता के बाद एसएसपी सांबा द्वारा तैयार विस्तृत डोजियर के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट सांबा द्वारा हिरासत का आदेश जारी किया गया था। थाना प्रभारी विजयपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वारंट को सफलतापूर्वक निष्पादित किया और कुख्यात अपराधी रोहित बलोरिया को हिरासत में लिया। उसे जिला जेल कठुआ भेज दिया गया। बता दें, गटारू गिरोह के सरगना और उसके भाई पर पुलिस पहले ही पीएसए के तहत मामला दर्ज कर चुकी है।