रामबन। बनिहाल पुलिस ने लूट की वारदात को आधे घंटे में सुलझा कर आरोपी को 10.54 लाख रुपये सहित को दबोचने में सफलता पाई है। इस संबंध में एसएसपी रामबन हसीब उर रहमान ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बनिहाल निवासी दुकानदार ने मामला दर्ज करवाया था। शिकायत में बताया था कि आरोपी ने नकली पिस्तौल दिखा कर 13 वर्षीय बच्चे से 10.54 लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आधे घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर 10.54 लाख रुपये को बरामद कर लिया है। वहीं, नकली पिस्तौल बरामद की गई और वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई मारुति कार को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जफर सईद शाह निवासी पट्टन (कश्मीर) के रूप में हुई है। इस मौके पर थाना प्रभारी बनिहाल नईम-उल-हक मटटू, पुलिस चौकी प्रभारी जवाहर सुरंग वसीम आदि मौजूद रहे।