बाड़ी ब्राह्मणा। पुलिस ने अपहरण और हत्या के प्रयास के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस को डिस्ट्रिक्ट स्पेशल ब्रांच के अधिकारियों ने सूचना दी कि ठंडी खुई क्षेत्र में और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चार आरोपी बैठे हुए हैं। थाना प्रभारी इंद्रपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चारों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दो सितंबर को डाबर फैक्ट्री के पास दो युवकों जाकिर और सिराजद्दीन को तेजधार हथियारों से लहूलुहान करने के बाद सुपवाल क्षेत्र के जंगलों में फेंक दिया गया था। विजयपुर पुलिस द्वारा उनको इलाज के लिए विजयपुर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया था। इस मामले में 17 लोगों पर अपहरण और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस रोज छापामार कार्रवाई कर रही थी। कई बार इनपुट मिलने के बावजूद भी आरोपी भाग जाते थे। बताया जा रहा है कि इन चारों आरोपियों के खिलाफ और भी कई थानों में मामले दर्ज हैं। उनकी पहचान बशीर अहमद निवासी बरमाल बिश्नाह, मासूम अली निवासी खैरवाल अरनिया, फरमान अली निवासी रख बरोटियां विजयपुर, इकबाल अहमद निवासी रख बरोटियां विजयपुर ठंडी खुई के रूप में हुई। उनसे पूछताछ जारी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को काफी दिनों से इनकी तलाश थी। सूचना के आधार पर इनको दबोच लिया गया है। अब पूछताछ के बाद ही बाकी का मामला सामने आएगा।