भद्रवाह। भद्रवाह के जंगल से गोली लगे तेंदुए के शव मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ भद्रवाह आदिल रिशु ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसएचओ भद्रवाह शमीम अहमद के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इसमें भद्रवाह के खुर्शीद अहमद पुत्र गुलाम कादिर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल लिया है। उसने बताया कि 17 मई को दांडी जंगल में उसने ही तेंदुए को 12 बोर की सिंगल बैरल राइफिल से मारा था। क्योंकि तेंदुआ मवेशियों को नुकसान पहुंचा रहा था, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है। इस दौरान आरोपी के पास से बिना लाइसेंस की 12 बोर की राइफल व दो कारतूस बरामद हुए हैं। इस मामले में आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कारवाई शुरू कर दी गई है।