अखनूर। कस्बे के ज्यौडि़या मार्ग के गांव कोटगढ़ी में शनिवार को एक कार ने पैदल चल रहे विद्यार्थियों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एक के बाद एक तीन वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ ही दो विद्यार्थियों की मौत और तीन घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने सेवानिवृत्त जवान को गिरफ्तार कर किया है। आरोप है कि वही कार चालक है। वहीं छात्रा और छात्र का चिनाब दरिया के किनारे अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपी स्विफ्ट कार चालक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान सेवानिवृत्त जवान शाम लाल निवासी कोटगढ़ी के रूप में हुई। रविवार को दसवीं कक्षा की छात्रा मिताली शर्मा का अखनूर के उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया और दोपहर को अंतिम संस्कार गांव से सटे चिनाब दरिया के मांडा घाट पर किया गया। वहीं दसवीं कक्षा के ही छात्र केशव शर्मा का पोस्टमार्टम जीएमसी में करवाया गया, और दोपहर बाद इसी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सरकार को चाहिए कि क्षेत्र के सड़कों पर तेज गति से चलने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसे हादसे को रोका जाए।
एसडीपीओ मोहन लाल शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों को टक्कर मारने के मामले में चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर जांच की जा रही है।