संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शहर के फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप से शनिवार को अभियान चलाया। दोपहर 2 बजे बाबा फतेह सिंह गुरुद्वारा गांधी नगर के बाहर टीम पहुंची। अधिकारियों ने गोल मार्केट, अप्सरा रोड से लेकर लास्ट मोड़ तक कार्रवाई की। दुकानदारों में हड़कंप मच गया। फुटपाथों से पांच टिप्पर सामान जब्त किया गया। इसके अलावा 50 लोगों के गलत पार्किंग के चालान काटे गए। सड़कों और खंभों से होर्डिंग्स हटाए गए। प्रशासन के अनुसार राहगीरों के चलने के लिए फुटपाथ बनाए गए हैं, मगर कब्जे होने के कारण दिक्कतें आ रही हैं। इससे पहले गुम्मट बाजार से रघुनाथ बाजार, ज्यूल चौक से तालाब तिल्लो, बिक्रम चौक से सतवारी तक अभियान चलाया गया था। एडीसी अनुसूया जम्वाल ने लोगों से आग्रह किया है कि फुटपाथ पर अतिक्रमण न किया जाए। एसडीएम अतुल शर्मा दत्त ने कई लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा।