राजौरी में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबल के जवान।
- फोटो : PTI - फाइल फोटो
राजोरी में सैन्य शिविर पर 11 अगस्त को हुए फिदायीन हमले में एक और घायल जवान शहीद हो गया है। हमले में शहीद होने वाले जवानों की संख्या पांच हो गई है। हमले में घायल हवलदार सतपाल सिंह का उत्तरी कमान अस्पताल उधमपुर में उपचार चल रहा था। रक्षा प्रवक्ता के अनुसार रविवार देर रात सतपाल सिंह ने दम तोड़ दिया।
हवलदार सतपाल सिंह को उधमपुर में श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसके बाद उनकी पार्थिव देह को उनके पैतृक स्थान राजस्थान भेज दिया गया। राजोरी में पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के फिदायीन आतंकियों ने तड़के सैन्य शिविर पर हमला कर दिया था। 76वें स्वतंत्रता दिवस से चार दिन पूर्व हमले में चार जवान उसी दिन शहीद हो गए थे।
सुरक्षा बलों ने दोनों फिदायीन आतंकी चार घंटे चली मुठभेड़ में मार गिराए थे। हमले के दिन शहीद होने वालों में जेसीओ सूबेदार राजेंद्र प्रसाद निवासी राजस्थान, राइफलमैन लक्ष्मनन डी निवासी तमिलनाडु, राइफलमैन मनोज कुमार निवासी हरियाणा और राइफलमैन निशांत मलिक निवासी हिसार हरियाणा शामिल थे।