सोपोर मंडी में प्रदर्शन करते कारोबारी। संवाद
सोपोर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जारी नाकेबंदी से नाराज व्यापारी, उत्पादक और श्रमिकों ने शनिवार को सोपोर स्थित फल मंडी में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। मंडी संघ के अध्यक्ष फैयाज अहमद मलिक ने राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से फंसे हजारों फलों से लदे ट्रकों की दुर्दशा पर गहरी चिंता व्यक्त की। कहा कि देरी से भारी वित्तीय नुकसान हो रहा है। सेब, नाशपाती और अन्य फल जैसे जल्दी खराब होने वाले सामान सड़ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से अनुरोध किया कि जम्मू की ओर फल और अन्य जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों के लिए दो दिन की यातायात निकासी अवधि की घोषणा करें। मलिक ने सोपोर से रेल सेवाओं को बहाल करने का भी आह्वान किया।