आरएस पुरा। बाल विकास सेवा एवं परियोजना विभाग आरएस पुरा कार्यालय में नव चयनित 18 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) आरएस पुरा अतिक्षा सेठी की अध्यक्षता में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सुचेतगढ़ के विधायक प्रो. गारू राम भगत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा एसडीएम आरएस पुरा अनुराधा ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थीं। नव नियुक्त चयनित आंगनबाड़ी वर्कर को नियुक्ति पत्र दिए जाने के बाद विधायक प्रो. गारू राम भगत ने कहा कि रिक्त स्थानों को भरे जाने पर आंगनबाड़ी के संचालन में गतिशीलता आएगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। छोटे बच्चों को आहार देने के साथ उनके स्वास्थ्य के लिए जागरूक करने के साथ सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भूमिका सक्रिय रहती है। एसडीएम अनुराधा ठाकुर ने नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि नव चयनित कर्मी अपनी जिम्मेदारी को बेहतर तरीके के साथ निभाएंगी। इस मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी अतिक्षा सेठी ने बताया पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन हुआ और 18 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इस मौके पर पूर्व सरपंच बिन्नी शर्मा व बहादुर लाल के सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।