संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। अनंतनाग जिले के वनिहामा गांव में आतंकवादियों द्वारा 15 वर्षीय युवक की हत्या से गुस्साए शिव सैनिकों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर पाकिस्तान का पुतला फूंका। छन्नी चौक पर प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी की अध्यक्षता में शिव सैनिकों ने साहिल डार की हत्या पर गहरा दुख और परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए उपराज्यपाल से एक करोड़ की आर्थिक मदद देने की मांग की।
साहनी ने आतंकवाद की कमर तोड़ने के सरकारी दावे को खोखला करार देते कहा कि पिछले कुछ साल में आतंकवादियों ने कश्मीर घाटी के साथ जम्मू में भी अपने पांव जमा लिए हैं। आतंकवाद के साथ नारको टेरर ने भी सुरक्षा एजेंसियों के नाक में दम कर रखा है। पाकिस्तान को सबक सिखाए बिना अमन-चैन की बहाली संभव नहीं है।
इस मौके पर अध्यक्ष महिला विंग मीनाक्षी छिब्बर, महासचिव विकास बख्शी, उपाध्यक्ष संजीव कोहली, अध्यक्ष कामगार विंग राज सिंह, सचिव गीता देवी, युवा सचिव राजेश हांडा, मंगू राम, मनोज, ममता देवी, सुरेश कुमार, प्रिया, नैंसी देवी, रोशनी, सिमरन उपस्थित रहे।