संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की 132वीं जयंती पर कई सामाजिक संस्थाओं और राजनीतिक पार्टियों ने कार्यक्रम करवाए। श्री गुरु रविदास सभा आरएस पुरा ने डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले सभा ने श्री रविदास मंदिर आरएस पुरा से लेकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक विशाल रैली निकाली।
इस मौके पर सभा के प्रधान श्याम लाल कुंडल, पूर्व प्रधान अजय कुमार, पूर्व प्रधान सुदेश कुमार गोगी, सरपंच फतेहचंद तथा मोहन लाल कुंडल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान में सभी देशवासियों को एक समान अधिकार देने का काम किया। इस मौके पर जनक राज, दर्शन लाल मिनिया व कई लोग मौजूद रहे।
वहीं, कांग्रेस पार्टी ने पूर्व राज्यमंत्री भूूषण डोगरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब को याद किया। पूर्व सांसद तरलोक सिंह बाजवा ने कहा कि देश का संविधान लागू करने पर उन्होंने बिना पक्षपात लोगों को अधिकार दिया। पूर्व राज्यमंत्री डोगरा ने कहा कि आज केंद्र सरकार लोकतंत्र को कमजोर कर रही है।
उधर, आरएस पुरा कस्बे में निर्मित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर ट्रैक्टर यूनियन के चेयरमैन मोहम्मद आरिफ और ऑल इंडिया बटवाल एसोसिएशन के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष कौशल टगोतरा के नेतृत्व में माल्यार्पण किया गया। इस कार्यक्रम में किंग सामाजिक संगठनों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने चौहाला मोड से लेकर एक कैंडल रैली निकाली। इस मौके पर कुलदीप राज, ऑल इंडिया बटवाल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सागर गिल, गंगा भगत, जसमीत सिंह, पाल भगत अन्य मौजूद थे।