इस बार श्रीअमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी के साथ नंदी के भी दर्शन हो रहे हैं। श्रीअमरनाथ गुफा के बाहर सीढ़ियों के पास भगवान नंदी की मूर्ति स्थापित की गई है। इस मूर्ति को अयोध्या में रामलला की मूर्ति बनाने वाले प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगीराज ने तैयार किया है।
भगवान नंदी को एक शेड में स्थापित किया गया है। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड प्रशासन ने योगीराज को मूर्ति बनाने का न्योता दिया था। योगराज ने सोशल मीडिया पर पूरा ब्योरा साझा किया है। उन्होंने कहा कि जब कोई मौका आशीर्वाद के रूप में मिलता है तो निश्चित रूप से वह 100 फीसदी से अधिक योगदान देने की कोशिश करते हैं। अमरनाथ गुफा के लिए नंदी भगवान की मूर्ति बनाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।