जम्मू। आगामी 29 जून से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा 2024 की तैयारियां तेज की गई हैं। आधार शिविर भगवती नगर जम्मू में सभी कार्यों को 20 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों तथा एडीएम जम्मू को कार्यों की दैनिक प्रगति की निगरानी करने को कहा गया है। जून के मध्य से देशभर से लंगर संगठनों का भी जम्मू कश्मीर में पहुंचना शुरू हो जाएगा। अब तक साढ़े तीन लाख से अधिक यात्री अग्रिम यात्री पंजीकरण करवा चुके हैं।
इस बीच मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) जम्मू आनंद जैन ने शुक्रवार को आधार शिविर भगवती नगर जम्मू में यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त को विभिन्न विभागों द्वारा निष्पादित किए जा रहे कार्यों की स्थिति से अवगत कराया गया। इनमें प्रवेश द्वार की मरम्मत, सड़कों की मरम्मत, पार्किंग स्थल को समतल करना, रंग रोगन, शौचालयों का नवीनीकरण, वातानुकूलित, पंखों की मरम्मत, लाइट, फ्लड लाइटें लगाना तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए यात्री निवास के भीतर अन्य कार्य शामिल हैं। मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य सुविधाओं, प्रीफैब शौचालय व्यवस्था, टिकट काउंटर, आरएफआईडी काउंटर, लंगर शेड, कूड़ादान लगाने, मोबाइल सिम, एटीएम तथा सुपर बाजार सुविधाओं की समीक्षा की। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को यात्री निवास के आसपास तथा भीतर की सड़क की सतह को समतल बनाए रखने के लिए कहा गया। मंडलायुक्त ने यात्रियों की सुविधा के लिए यात्री निवास, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पंजीकरण तथा आरएफआईडी काउंटरों के बारे में जानकारी के साथ पर्याप्त साइनेज, डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
आयुक्त नगर निगम जम्मू को यात्री निवास और उसके आसपास की झाड़ियों को साफ करने और सफाई के लिए पर्याप्त जनशक्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। मंडलायुक्त ने कार्यकारी एजेंसियों को काम को जल्द पूरा करने के लिए लोगों और मशीनरी को बढ़ाने पर जोर दिया। बाद में मंडलायुक्त और एडीजीपी ने कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर दिशा निर्देश जारी किए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।