जम्मू। भगवती नगर यात्री निवास में प्रवेश के लिए अमरनाथ यात्री कड़ी परीक्षा से गुजर रहे हैं। दस्तावेजों की जांच के दौरान उन्हें एक किलोमीटर तक धूप में खड़े होना पड़ रहा है। न तो पीने के पानी का प्रबंध है, न धूप से बचने के लिए शेड और न ही शौचालय की सुविधा। बुधवार को भी सुबह साढ़े बजे बजे से लाइन में लगे-लगे यात्रियों को दोपहर के 12 बज गए लेकिन अंदर प्रवेश नहीं मिला। यात्रियों का कहना है कि धूप में खड़े होने से चक्कर आ रहा है। चिकित्सा सुविधा भी नाकाफी है। महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लाइनें तक नहीं बनाई गई हैं। महाराष्ट्र से आए चंद्र कांत भराट ने आरोप लगाया कि यहां हमें कोई सुविधा जैसा कुछ नजर नहीं आ रहा है। अलग लाइन का सिस्टम नहीं है। कोई पुलिस वाला भी नहीं है, जिसको हम परेशानी बता सकें। वे लोग पूरी बस लेकर आए हैं। सुबह के सात बजे लाइन में लगे, दोपहर तक पीने काे पानी नहीं मिला। इंदौर से राजेश पंचान ने बताया कि सुबह साढ़े छह बजे कतार में लगे। महिलाओं को शौच जाना है, लेकिन कहां जाएं समझ नहीं आ रहा। यूपी से आए अनिकेत तिवारी ने कहा कि हम बाबा बर्फानी के दर्शन करने आएं हैं और अगर परेशानी आ भी रही है तो यही सोचते हैं कि इसी वजह से हमारी परेशानियां कट रही हैं। वह अब तक छह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं, यहां आकर अच्छा लग रहा है। प्रशासन को और इंतजाम करने चाहिंए।