जम्मू से अमरनाथ यात्री बाबा के दर्शन के लिए रवाना होते हुए
- फोटो : निखिल मेहता
जम्मू से बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा की ओर अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था रवाना हो गया है। शुक्रवार तड़के करीब सवा चार बजे पूजा अर्चना के बाद उप राज्यपाल व अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा पहले जत्थे को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान आधार शिविर पूरी तरह भोले के रंग में रंगा गया। भक्तों ने भोले के जयकारे लगाकर यात्रा की शुरुआत की।
जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का पहला दल रवाना करते एलजी मनोज सिन्हा
- फोटो : अमित कुमार
कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर के लिए वाहनों का काफिला रवाना किया गया। वीरवार को श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू के आधार शिविर भगवती नगर पहुंच गया था।पहली बार यात्रा के दौरान भूस्खलन वाली जगहों से गुजरते वक्त पत्थरों से बचने के लिए हेलमेट दिए जा रहे हैं। श्रद्धालु शनिवार को पारंपरिक बालटाल और पहलगाम रूट से पवित्र गुफा की ओर बढ़ेंगे। बालटाल रूट से जाने वाला जत्था शनिवार को ही हिमलिंग के दर्शन करके लौट आएगा।
जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था रवाना हुआ
- फोटो : अमर उजाला
वहीं, वीरवार तक देशभर से यात्रा के लिए भगवती नगर आधार शिविर में 1600 से अधिक तीर्थ यात्री पहुंच चुके थे। इनके लिए शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया था। प्रवेशद्वार लखनपुर से कश्मीर तक माहौल शिवमय बन गया है। प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यात्रियों के लिए कट ऑफ समय भी जारी किया है।
जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था रवाना हुआ
- फोटो : अमर उजाला
इसी के अनुरूप अमरनाथ यात्रियों के अलावा अन्य वाहनों को छोड़ा जाएगा। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और जाम की समस्या से बचने के लिए उठाया है। पर्यटन विभाग के शेड्यूल के मुताबिक उधमपुर के टिकरी, चंद्रकोट व अन्य स्थानों पर जत्थे का स्वागत होगा। जत्थे की रवानगी के दौरान यात्रा रूट पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था रवाना हुआ
- फोटो : अमर उजाला
तत्काल पंजीकरण के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु
तत्काल पंजीकरण के लिए रेलवे स्टेशन जम्मू के पास सरस्वती धाम में वीरवार तड़के बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां बालटाल रूट के लिए 2189 टोकन जारी किए गए, जबकि पहलगाम रूट के लिए शुक्रवार को टोकन जारी करने की बात कही गई है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित वैष्णवी धाम में टोकन के बाद 141 यात्रियों का तत्काल पंजीकरण किया गया।