अखनूर पुलिस ने पशु चोरी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुराए गए मवेशियों को बरामद किया है। यह कार्रवाई अखनूर थाने में दी गई एक लिखित शिकायत के बाद की गई। जानकारी के अनुसार टांडा के निवासी शिकायतकर्ता शीतल वर्मा ने अखनूर थाने में शिकायत दर्ज करवाई की 24-25 अगस्त की रात अज्ञात पशु चोरों ने उनके घर के प्रांगण से उसके मवेशी चुरा लिए थे। इस शिकायत पर अखनूर थाने में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत प्राथमिकी नंबर 153/2025 दर्ज की गई और मामले की जांच पीएसआई आरिफ दर को सौंपी गई। जांच के दौरान तकनीकी सहायता से तीन संदिग्धों रघुड़ा, जम्मू के रहने वाले नायर अली, बेलिचरणा के रहने वाले मंजूर मोहम्मद और मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार किया। गहन पूछताछ में आरोपियों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की दी गई जानकारी के आधार पर मवेशी बरामद किए गए हैं। पुलिस टीमें अभी भी अन्य छापेमारी कर रही हैं और अधिक बरामदगी की उम्मीद है। इस मामले की जांच एसपी रूरल जम्मू ब्रिजेश शर्मा, एसडीपीओ अखनूर वरिंदर गुप्ता और एसएचओ पुलिस स्टेशन अखनूर इंस्पेक्टर राजेश जसरोटिया की निगरानी में की जा रही है।