अखनूर। कस्बे में पुराने पुल से निर्दोष चौक तक सुस्त पड़े सड़क चौड़ीकरण के कार्य पर डीसी सचिन कुमार वैश्य ने संज्ञान लिया है। पेड़ और बिजली के खंभे न हटाने से काम में देरी हो रही है। अमर उजाला ने 24 जून के अंक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। डीसी जम्मू सचिन कुमार वैश्य ने देरी के लिए दोनों विभागों के बीच समन्वय की कमी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने मामले का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए एसीआर जम्मू को जिम्मेदारी सौंपी है।
डीसी के मुताबिक बिजली विकास विभाग तुरंत खंभों को स्थानांतरित करेगा। इसमें यह ध्यान रखा जाएगा कि इसमें किसी भी पेड़ को नुकसान न पहुंचे। साथ ही संबंधित उपमंडलाधिकारी को सड़क निर्माण में तेजी लाने के लिए मंगलवार से खंभों की शिफ्टिंग की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
वहीं लोगों ने मांग की है कि सड़क के बीचों बीच 11 पेड़ों को भी जल्द से जल्द स्थानांतरित किया जाए क्योंकि आए दिन यह पेड़ सड़क पर कई हादसों का कारण बन रहे हैं। साथ ही सड़क चौड़ीकरण के जद में आने वाली दुकानों, मकानों व जमीनों का भी उचित मुआवजा दिया जाए।