बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को दे रहे न्योता, चालक परेशानियों का सामना करने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर/जम्मू। जम्मू-पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जम्मू से अखनूर के बीच हाईवे के चौड़ीकरण का काम कई सालों से जारी है। इस दौरान अखनूर के पास थाती चौक एवं डुमी चौक पर हालत काफी खराब हो चुकी है। बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैें। साथ ही वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। साथ ही वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंच रहा है।
बारिश के बाद उक्त दोनों स्थानों पर हाईवे की हालत और भी खराब हो चुकी है। गड्ढों की संख्या बढ़ने से चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात में हाईवे का डुमी एवं थाती चौक के पास का क्षेत्र तालाब का रूप ले लेता है। राष्ट्रीय राजमार्ग और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) अधिकारियों को कई बार समस्या के बारे में अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक उचित मरम्मत नहीं की गई है। थाती चौक और डुमी चौक में रोजाना हजारों वाहन का आवागमन रहता है।
ठेकेदार ने फंड्स नहीं होने की वजह से कार्य करने से मना कर दिया है। कार्य में देरी करने पर उस पर 20 करोड़ का जुर्माना लगाया था। अभी नौ करोड़ रुपये की पेमेंट रोकी गई है। छह जनवरी को संबंधित मंत्री को ठेकेदार पर उचित कार्रवाई करने के लिए लिख दिया है। 24 फीसदी कार्य शेष है, जिसके लिए नया ठेकेदार लाना कठिन कार्य है। इसी माह संबंधित मंत्री की तरफ इस मामले से कोई आदेश आने की संभावना है। मई-जून तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
- कर्नल सूरज सिंह सांगवान, जनरल मैनेजर (प्रोजेक्ट), एनएचआईडीसीएल