एम्स में कार्यक्रम के दौरान मंच पर सीईओ प्रो. डॉ. संजीव सिन्हा व अन्य। सोत्र : पीआरओ
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जम्मू में जन्माष्टमी पर्व और शिक्षक दिवस का आयोजन किया। एम्स की स्टूडेंट वेलफेयर कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम ने संपूर्ण एम्स परिवार को एकता और एकजुटता के सूत्र में पिरोया। उत्सव की शुरुआत जन्माष्टमी पूजा के साथ हुई। शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। छात्रों ने अपनी कला, प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया। शिक्षकों के मार्गदर्शन और बहुमूल्य योगदान को भी नमन किया गया। मुख्य अतिथि एम्स के कार्यकारी निदेशक और सीईओ प्रो. डॉ. संजीव सिन्हा रहे। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सा संस्थान की प्रगति रोगी देखभाल, शिक्षा और अनुसंधान पर टिकी है। उन्होंने छात्रों व संकाय को नवाचार और तकनीक को अपनाने के साथ-साथ करुणा, सत्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों और समाज सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। श्रीकृष्ण के संदेशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कर्तव्य, ज्ञान, साहस और धर्म के मूल्यों को शैक्षणिक व व्यक्तिगत जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।