एम्स में टास्क फोर्स कॉन्क्लेव में मौजूद देशभर से आए नीति निर्माता और शोधकर्ताओं के साथ निदेशक
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जम्मू में राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान अकादमी (भारत) के दो दिवसीय टास्क फोर्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इसमें देश भर के प्रमुख चिकित्सा विशेषज्ञ, नीति निर्माता और शोधकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन एम्स जम्मू के निदेशक डाॅ. शक्ति कुमार गुप्ता ने किया। डाॅ. गुप्ता ने विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के बारे में सार्वजनिक संवेदनशीलता की तत्काल जरूरत पर बल दिया। कार्यक्रम में मोटापे के प्रबंधन की जटिल चुनौतियों, डीप वेन थ्रोम्बोसिस (डीवीटी) की रोकथाम और प्रबंधन पर चर्चा की गई। कॉन्क्लेव का प्रमुख आकर्षण देश भर में अंग प्रत्यारोपण प्रणाली में दक्षता, पारदर्शिता और नैतिक शासन को बढ़ाने के लिए सिफारिशों को रेखांकित करने वाली टास्क फोर्स रिपोर्ट की प्रस्तुति थी। आयोजकों ने उभरती स्वास्थ्य सेवा चुनौतियों से निपटने में विषय सहयोग, शोध-समर्थित नीति-निर्माण और जन जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।