रामगढ़ । क्षेत्र में किसानों को धान लगाने के लिए मजदूर न मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पंच मोहन सिंह भट्टी, पूर्व सरपंच ओम प्रकाश, तेजिंदर सिंह, रूप लाल चौधरी ने कहा कि किसानों को धान लगाने के लिए दोगुने पैसे देने के बाद भी मजदूर नहीं मिल रहे हैं। इससे किसानों को धान की फसल लगाने की चिंता सता रही है कि अगर मजदूर नहीं मिले तो खेत खाली रह जाएंगे। हमें घरों के खर्च की भी चिंता सता रही है। पिछले साल भी लॉकडाउन के चलते सीमावर्ती क्षेत्र में बहुत सारे किसानों की धान की फसल नहीं लग पाई थी। दूसरे राज्य से आने वाले मजदूर बहुत कम पहुंचे थे, जिससे हमारे क्षेत्र के किसानों को काफी नुकसान हुआ था। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि दूसरे राज्य से आने वाले मजदूरों को लखनपुर में न रोका जाए, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। कोरोन टेस्ट करके मजदूरों को भेज दिया जाए, ताकि हमारी जल्द से जल्द खेतों में धान की रोपाई हो सके । संवाद