युवा किसानों को मशरूम की खेती करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया
ज्यौड़ियां। खौड़ के ब्लॉक समोआ में कृषि विभाग कार्यालय पलांवाला की तरफ से जागरूकता शिविर लगाया गया। इस मौके पर एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मौके पर ब्लॉक सामोआ तथा परगवाल के युवा किसानों को मशरूम की खेती करने का प्रशिक्षण दिया गया।
कृषि विभाग के एक्स्टेंशन अधिकारी पलांवाला सुरिंदर कुमार ने बताया कि कृषि विकास विभाग जल्द ही क्षेत्र के सरपंचों/पंचों तथा स्टाफ के सदस्यों को एक कार्यक्रम के तहत व्यावहारिक कौशल और ज्ञान के लिए 2-3 चरण का विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस दौरान उपस्थित ब्लॉक समोआ के विभिन्न पंचायतों के सैकड़ों युवा किसानों के बीच मशरूम के बीज वितरित किए गए। एसडीएम ने लाभार्थियों को एक प्रेरक भाषण दिया ताकि इसे अपनी आजीविका कमाने के लिए एक व्यवसाय के रूप में अपनाया जा सके।
एसडीएम ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह के शिविर ओर भी लगाएं जाएगें ताकि युवा किसानों को खेतीबाड़ी संबंधी अधिक से अधिक जानकारी दी जा सके। इस मौके पर कृषि विभाग के अधिकारियों की तरफ से किसानों के साथ खेतीबाड़ी पर विस्तार से चर्चा करते हुए बीज के उपचार, बीज के रखरखाव, खरपतवारनाशी के अनुप्रयोग, विभिन्न रोगों, गेहूं और सरसों की फसल के नियंत्रण के उपायों के मुद्दों पर, जैविक खेती के लाभ जैसे विभिन्न विषयों पर बातचीत की।
इस मौके पर सरपंच अनुराधा शरमा, बहादुर सिंह तथा जगदीश राज सहित अन्य उपस्थित रहे।