श्रीनगर। सेना में 75 अग्निवीरों का तीसरा बैच शामिल हो गया। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंटल सेंटर श्रीनगर में पासआउट सेरेमनी का आयोजन किया गया। सेरेमनी की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज को सलामी के साथ हुई। इसके बाद मार्च पास्ट और शपथ ग्रहण परेड हुई। मार्च पास्ट की सलामी जम्मू और कश्मीर लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर एचएस बर्न ने ली। इस दौरान बाना सिंह परेड ग्राउंड रेजिमेंटल गीत और राष्ट्रगान से गूंज उठा। जेकेएलआई रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर एचएस बर्न ने प्रशिक्षण पूरा करने के लिए अग्निवीरों और उनके प्रशिक्षकों को बधाई दी। युवा और दृढ़निश्चयी अग्निवीरों का कठिन प्रशिक्षण 1 नवंबर 2023 को शुरू हुआ था। 31 सप्ताह के प्रशिक्षण में उन्हें तैयार किया गया।