सांबा म्यूनिसिपल काउूंसल के पार्षद प्रदशर्न करते हुए
- फोटो : SAMBA
सांबा। नगर परिषद में आयोजित हाउस बैठक का शनिवार को विपक्षी पार्षदों ने बहिष्कार किया। उन्होंने परिषद कार्यालय में प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
प्रदर्शन की अगुवाई पार्षद राज सिंह कर रहे थे। पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा उन्हें वार्षिक लेखाजोखा तक नहीं बताया जाता कि कहां कितना खर्च हो रहा है। वह हर बैठक में यही प्रश्न करते हैं, लेकिन उन्हें टाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के अधीन आते वार्डों में कोई विकास नहीं हो रहा है। साफ सफाई की व्यवस्था भी चरमराई हुई है। मंडियों से चौक चौराहों तक गंदगी देखी जा सकती है। यहां तक कि वार्डों में लगाने की लिए लाइटें तक नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि जब सफाई के बारे में पूछा जाता है तो कर्मचारी कम होने का बहाना बना दिया जाता है। उन्होंने कहा कि परिषद के चुनाव हुए करीब तीन साल हो चुके हैं, लेकिन विकास की गाड़ी कोसो दूर है। इसको लेकर करीब आधा दर्जन पार्षदों ने नगर परिषद में प्रदर्शन कर रोष प्रकट किया। प्रदर्शन में राज सिंह, नरेंद्र सिंह, महेश्वर राज, उत्तम चंद, रजनी संब्याल, अनुराधा व इंदु जमवाल शामिल रहे।