सांबा। जलशक्ति विभाग के डेलीवेजरों ने मांगों को लेकर जिला मुख्यालय नंदनी में विभागीय कार्यालय के सामने सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। कर्मियों ने मांगों को लेकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह प्रदर्शन को तेज कर देंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि न तो सरकार ने उन्हें स्थायी करने को लेकर कोई विशेष नीति बनाई है और न ही डेलीवेजरों का बकाया वेतन दिया जा रहा है। आज भी कई-कई माह का उनका वेतन बकाया है। महंगाई के इस दौर में उनका घर का खर्च तक चलाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सरकार को उनकी मांगों पर गौर करना चाहिए। कर्मियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर जल्द गौर न किया गया तो वह आंदोलन को तेज करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस अवसर पर दीपक कुमार, उत्तम चंद, सुभाष, गणेश, गोविंद, हेमराज आदि भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।