विजयपुर। महाराष्ट्र पुलिस द्वारा एक टीवी न्यूज चैनल के चीफ एडिटर से की गई बदसलूकी पर रोष जताया गया है। मांग की गई है कि ऐसे पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व सचिव सुभाष सिंह जमवाल ने बुधवार को एक बैठक में कहा कि चीफ एडिटर के साथ पुलिस ने अभद्र व्यवहार किया है। इससे लगता है कि कानून नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने जब भी आवाज उठाई न्याय, इंसाफ की आवाज उठाई। महाराष्ट्र पुलिस को उनकी पत्रकारिता रास नहीं आई। इसके कारण ऐसी बदसलूकी की गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही अर्बन गोस्वामी को रिहा नहीं किया गया और ऐसे दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो महाराष्ट्र सरकार और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में उपजीत सिंह जमवाल, मोनिका जमवाल, नगर पालिका कमेटी अध्यक्ष दीपक कुमार, डुग्गर मंच के प्रधान मोहन सिंह आदि मौजूद रहे।