कुलगाम और बडगाम में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब सुरक्षाबलों का ध्यान किश्तवाड़ समेत जम्मू संभाग के पहाड़ी जिलों पर केंद्रित है। लंबे समय से सक्रिय आतंकी जहांगीर सरूरी की तलाश और उसके नेटवर्क को खत्म करने के लिए सुरक्षा एजेंसियां रणनीति तैयार कर रही हैं। डीजीपी और आईजी के दौरे के बाद उत्तरी कमान प्रमुख ने भी किश्तवाड़ पहुंचकर सुरक्षा हालात की समीक्षा की है। इन दौरों के बीच आतंकियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई को लेकर मंथन किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का जोर अब आतंकियों की मौजूदगी से जुड़े इनपुट के आधार पर अभियान चलाने पर है।
सुरक्षाबलों के निशाने पर सक्रिय लश्कर का समूह
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में कोई विराम नहीं है। जम्मू और कश्मीर में करीब दो दर्जन कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चल रहे हैं। लश्कर के स्थानीय नेटवर्क को काफी नुकसान पहुंचा है और अब विदेशी आतंकियों पर विशेष फोकस है। पीर पंजाल के उत्तर और दक्षिण दोनों क्षेत्रों में सक्रिय लश्कर के समूह रडार पर हैं। वहीं डोडा, किश्तवाड़, उधमपुर और कठुआ क्षेत्र में सक्रिय जैश के समूहों पर भी नजर है।
भौगोलिक स्थिति के कारण किश्तवाड़
किश्तवाड़ की भौगोलिक स्थिति भी सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इसकी सीमाएं डोडा, कश्मीर के अनंतनाग और हिमाचल प्रदेश के चंबा क्षेत्र से जुड़ती हैं। पहाड़ी भूभाग और दूरदराज के इलाकों के कारण आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए व्यापक निगरानी जरूरी है। आसपास के क्षेत्रों से जुड़ाव के चलते सुरक्षा एजेंसियों को संभावित आवाजाही पर भी ध्यान देना पड़ता है।
जहांगीर सरूरी और मददगार नेटवर्क पर नजर
किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या के बाद जहांगीर सरूरी एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों के फोकस में है। उसकी तलाश के लिए पोस्टर जारी किए गए हैं। इस क्षेत्र में आतंकियों को रसद और दूसरी सुविधाएं पहुंचाने वाले नेटवर्क पर भी नजर है। इस साल की शुरुआत में सैफुल्लाह ग्रुप से जुड़े आतंकियों के मारे जाने के बाद सामने आया था कि उन्हें करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई तक खाने-पीने का सामान पहुंचाया गया था। सैफुल्लाह और हाल में गांव में भट्ट की मौत से पहले भी पोस्टर जारी हुए थे। दोनों मामलों में पोस्टर जारी होने के कुछ दिन बाद आतंकियों के मारे जाने की बात सामने आई। अब सरूरी की तलाश के साथ चिनाब क्षेत्र में सक्रिय जैश के अन्य समूहों और उनके मददगारों पर भी नजर है।
हताश पाकिस्तान घुसपैठ कराने की फिराक में
कश्मीर में हाल ही के अभियानों में सुरक्षाबलों के हाथों आतंकियों के मारे जाने से हताश पाकिस्तान अपने पाले अब नए दहशतगर्दों की घुसपैठ कराने की फिराक में है। सुरक्षा एजेंसियों को मिले नए खुफिया इनपुट के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बीएसएफ, सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने सीमा पर निगरानी और गश्त को और सघन कर दिया है। खुफिया एजेंसियों के अनुसार जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकियों का एक समूह पाकिस्तान के शकरगढ़ क्षेत्र में सक्रिय है। इस समूह के पास अत्याधुनिक हथियार हैं और ये घुसपैठ की फिराक में हैं।
सूत्रों ने बताया कि घुसपैठ इनकी नजर में सांबा-कठुआ सीमा पर बेई नाला या फिर हीरानगर के तरनाह नाला के नदीय मार्ग हैं। इन इनपुट के मद्देनजर हीरानगर और सांबा सेक्टर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान जम्मू संभाग में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के मकसद से जैश आतंकियों की घुसपैठ कराने की फिराक में है। संभावित खतरे को देखते हुए सीमा पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। हीरानगर और सांबा सेक्टर लंबे समय से घुसपैठ के लिहाज से संवेदनशील माने जाते रहे हैं।
किश्तवाड़ में अन्य इलाकों की तुलना में आतंकियों का ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क ज्यादा मजबूत है। दो एसपीओ की हत्या हो या 12 हजार फीट की ऊंचाई पर आतंकियों तक राशन पहुंचाने का मामला, ये घटनाएं बताती हैं कि आतंकियों को स्थानीय स्तर पर मदद मिल रही है। अब विदेशी आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने की जरूरत है। इसके लिए उनके मददगारों और ओजीडब्ल्यू नेटवर्क को तोड़ना बेहद जरूरी है।- ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) राजिंद्र सिंह जम्वाल