जम्मू। मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों के स्कूलों में शिक्षण-अधिगम परिणामों में सुधार लाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करें कि सभी छात्रों को तय समय पर निर्धारित पाठ्य पुस्तक मिले। निजी स्कूलों द्वारा प्रवेश शुल्क की अवैध वसूली पर अंकुश लगाने के लिए एक मजबूत सिस्टम बनाएं। जम्मू-कश्मीर में इस समस्या के समाधान के लिए एक प्रभावी प्रवर्तन रणनीति तैयार करें। मुख्य सचिव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को प्रस्तुत पंचवर्षीय योजना की स्थिति, छात्रों के आधार नामांकन की प्रगति, मानव संसाधन प्रबंधन (एचआरएम) से संबंधित मामलों, केंद्रीय विद्यालयों (केवी), जवाहर नवोदय विद्यालयों (जेएनवी), आवासीय विद्यालयों की स्थापना और अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) की प्रगति की भी समीक्षा की। सरकारी संस्थानों में निःशुल्क भोजन, ड्रेस, स्टेशनी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद प्राथमिक स्तर पर नामांकन कम होने पर चिंता व्यक्त की। ब्यूरो