राहत एवं पुनर्वास आयुक्त ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रवासी शिविरों में चल रहे विकास कार्य तेज गति और समय पर पूरे किए जाएं। अधिकारी कार्य की निगरानी करें। ये निर्देश राहत और पुनर्वास आयुक्त डॉ. अरविंद करवानी ने जम्मू के प्रवासी शिविरों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने प्रवासी शिविरों में कार्यों और परियोजनाओं की आवश्यकताओं की भी समीक्षा की। इसमें प्रवासी स्कूल, डिस्पेंसरी, सामुदायिक भवन आदि शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से किए गए बजटीय प्रावधानों का जायजा लिया। आयुक्त ने शिविरों में पेयजल आपूर्ति, बिजली आपूर्ति और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। बताया गया कि जगती में लगभग 6.5 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बन रहा बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन इस महीने के अंत तक पूरा होने की संभावना है। डॉ. करवानी ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिसंबर 2025 से विभिन्न सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं के तहत 381 लाभार्थियों को लाभ स्वीकृत किए गए हैं। युवा सेवा और खेल विभाग से प्रवासी शिविरों में खुले स्थानों और खेल के मैदानों के रखरखाव के लिए एक प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा गया।