रियासी। बुधवार को जहां वार्ड पांच को कंटेनमेंट जोन घोषित कर कंटीले तार लगाए गए थे वहीं वीरवार को व्यापारियों और स्थानीय लोगों के रोष को देखते हुए प्रशासन ने तार को हटा दिया है। बुधवार देर रात को पुलिस ने मुख्य बाजार, चौक चबूतरा और रामगली में तार बिछा कर रास्तों को सील कर दिया था। इसके बाद बुधवार क्षेत्रवासियों ने रोष जताया था। वहीं, वीरवार सुबह म्यूनिसिपल कमेटी के उप चेयरमैन योगराज रैना, पार्षद धीरज गुप्ता, ओम प्रकाश, श्री दुर्गा नाटक मंडली के प्रधान संजीव खजूरिया, कांग्रेस नेता बिशन मगोत्रा, किराना यूनियन के प्रधान देवेंद्र गुप्ता आदि ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि एसओपी के मुताबिक संक्रमित मामला मिलने के बाद कुछ हिस्से को ही बंद किया जा सकता है, लेकिन प्रशासन ने पुलिस की मदद से पुरा बाजार ही बंद कर दिया है। दोपहर को मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बहसबाजी भी हुई। इसके बाद म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन सुदेश कुमार पुरी, तहसीलदार मुंशी राम और एसएचओ विजय ठाकुर ने मौके पर पहुंच कर तारों को हटाया। तहसीलदार ने बताया कि दुकानदारों के सैंपल लेने के लिए कंटीले तार लगाए गए थे। दोपहर बाद सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने पर तार को हटा दिया गया है। बाजार में लगी तारों को हटा दिया गया आवाजाही के लिए बाजार को खोल दिया गया।