जम्मू। गृह विभाग ने आदेश न मानने पर यातायात पुलिस (ग्रामीण) के एसपी रंजीत सिंह को पुलिस मुख्यालय के साथ अटैच कर दिया है। जम्मू के एसपी सिटी यातायात पुलिस फैजल कुरेशी को उनका अतिरिक्त पदभार दिया गया है। बता दें कि अभी रंजीत सिंह को एसपी ग्रामीण का पदभार संभाले डेढ़ महीना भी नहीं हुआ था। 22 फरवरी, 2023 को उन्हें एसपी ग्रामीण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सूत्रों के अनुसार डीआईजी स्तर के एक अधिकारी ने एसपी को एक आदेश दिया था, जिसे उन्होंने नहीं माना। डीआईजी ने इसकी शिकायत उच्च स्तर पर की। इसके बाद यह कार्रवाई की गई है। हालांकि गृह विभाग के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि उनका तबादला प्रशासनिक हित में लिया गया है। बता दें कि 44 दिन में ही एसपी रूरल का तबादला हो गया है। वहीं, एसपी से इस संबंध में बात करनी चाही तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया। वह इस मामले में जब भी अपना पक्ष रखना चाहें, उसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।