सांबा। बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने एसडीपीओ की देखरेख में एक कट्टर अपराधी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। उस पर जम्मू और सांबा में 17 मामले चल रहे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कि आरोपी कपिल शर्मा उर्फ जिम्मी निवासी छौड़ाही, सैनिक कॉलोनी, जम्मू को पुलिस थाना बाड़ी ब्राह्मणा में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना बाड़ी ब्राह्मणा के बीरपुर में फर्जी तरीके से चलाए जा रहे नशा मुक्ति केंद्र में लगातार हिंसा, अवैध कारावास और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद तुरंत पुलिस पार्टी भेजी गई और हिंसा के शिकार 15 पीड़ितों को बचाया गया। उन्हें उनके परिवार के सदस्यों से मिलाया। हालांकि मुख्य आरोपी कपिल शर्मा उर्फ जिम्मी फरार था। थाना बाड़ी ब्राह्मणा के निरंतर प्रयासों से आखिरकार सोमवार को फरार अपराधी की गिरफ्तारी हो गई। इस गिरफ्तारी को पुलिस थाना बाड़ी ब्राह्मणा के थाना प्रभारी सुमीत शर्मा के नेतृत्व में पीएसआइ निर्मल सिंह की पुलिस पार्टी ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार कि आरोपी जम्मू और सांबा जिलों में 17 एफआईआर में वांछित है, जिसमें हत्या का प्रयास, नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध रूप से हथियार ले जाना, छीनना आदि जैसे जघन्य अपराधों में शामिल है।