बाड़ी ब्राह्मण। सिडको चौक पर शुक्रवार रात को दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चालक और सह चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
टमाटर से लदा ट्रक सांबा से जम्मू की ओर जा रहा था। उसके आगे सॉफ्ट ड्रिंक से लदा ट्रक भी उसी दिशा में जम्मू की ओर जा रहा था। सिडको चौक के पास मिट्टी की जांच की जाने वाली मशीनरी द्वारा काम किया जा रहा है। जैसे ही सॉफ्ट ड्रिंक से भरे ट्रक ने सड़क पर लगी मशीनरी को देखकर ब्रेक लगाया तो पीछे से तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का आगे का हिस्सा नीचे बैठ गया। इसमें चालक और सह चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर इकट्ठा हुई भीड़ ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर घायलों को जीएमसी जम्मू पहुंचाया। दो ट्रकों की भिड़ंत के चलते यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने यातायात बहाल कराया। बड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।