सांबा। मानसर मोड़ पर शुक्रवार की रात को हुए सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली जाने पर स्थानीय युवाओं में काफी रोष है। उन्होंने इसे बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। युवक राजन, नरेश, सुरेंद्र, अरुण के अनुसार सांबा के राजमार्ग का उपयोग श्रीनगर की ओर जाने वाले सभी ट्रकों के लिए पार्किंग/ हाल्टिंग स्टैंड के रूप में किया जाता है। जो दुर्घटना के लिए एक खुला निमंत्रण है। शुक्रवार की रात भी इस तरह की दुर्घटना में दो जानें गईं हैं। इसका कारण मार्ग के दोनों तरफ माल वाहक वाहनों की गलत पार्किंग है। सांबा प्रशासन भी इस ओर कोई उचित कदम नहीं उठा रहा है। प्रशासन किसी बडे़ हादसे का इंतजार कर रहा है। दोनों तरफ के ट्रकों की गलत पार्किंग, ठहराव के चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि वह उचित पार्किंग की व्यवस्था करें ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।