रियासी। सुला-बारादरी मार्ग पर रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान राजेश अंताल (28) पुत्र रछपाल चंद निवासी टाली मोड़ के रूप में हुई है। कृषि विभाग में कार्यरत राजेश रविवार रात को कहीं से घर लौट रहा था। सुला बारादरी मार्ग पर उसकी कार अनियंत्रित हो कर खाई में गिर गई। हादसे के बाद पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां पर उसकी हालत गंभीर होने पर उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजेश की शादी दो वर्ष पहले हुई थी और उसका दो माह का बेटा भी है। उसकी मौत के बाद क्षेत्र में मातम है। सोमवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।