राजभवन में जाते वक्त बैरियर से टकराई बाइक, जीएमसी में तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में बुधवार दो सड़क हादसों में एक पुलिस कांस्टेबल और एक छात्र की मौत हो गई। पुलिस कांस्टेबल राजभवन में उप राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात थे और एसएसएफ में थे। नगरोटा के जगती निवासी सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल रवि कुमार की मौत पर उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने शोक प्रकट किया है।
जानकारी के अनुसार रवि कुमार मंगलवार सुबह बाइक पर राजभवन आते वक्त बैरियर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जीएमसी जम्मू पहुंचाया गया, जहां उपचार के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार को सौंप दिया है।
टैंकर की टक्कर से स्कूटी
सवार छात्र की गई जान
शहर के सिद्दड़ा क्षेत्र में एक छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक शाहीद मीर मूल रूप से श्रीनगर का रहने वाला था। जो इस समय सिद्दड़ा के रगूड़ा में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह अपनी बुआ के घर रहता था। बुधवार सुबह स्कूटी पर जाते हुए एक तेज रफ्तार टैंकर ने उसे टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे आचार्य श्री चंद्रकॉलेज अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है।